नगर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान, पालिकाध्यक्ष की पहल सराहनीय
टनकपुर।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री विपिन कुमार के कुशल निर्देशन में इस बार नवरात्रि का शुभारंभ स्वच्छता और स्वास्थ्य की विशेष सौगात लेकर हुआ है। प्रथम नवरात्रि से ही नगर क्षेत्र के समस्त मंदिर परिसरों एवं शारदा घाट में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने हेतु न केवल सफाई करवाई जा रही है, बल्कि चूना एवं कीटनाशक दवाइयों का छिड़काव भी नियमित रूप से कराया जा रहा है।

नगर पालिका प्रशासन ने जानकारी दी कि यह अभियान पूरे नवरात्रि महापर्व तक प्रतिदिन जारी रहेगा। इसके साथ ही विशेष स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत 16 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक वार्डवार अभियान चलाकर नगर क्षेत्र में व्यापक सफाई, दवा छिड़काव और फॉगिंग कराई जा रही है।

पालिकाध्यक्ष श्री विपिन कुमार ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर का कूड़ा खुले में न डालें, बल्कि नगर पालिका की ओर से चलाए जा रहे डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहन में ही डालें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ नगर ही स्वस्थ नगर की पहचान है और इसमें हर नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि वह इस अभियान का हिस्सा बने।

नागरिकों और स्थानीय लोगों ने पालिकाध्यक्ष एवं उनकी टीम के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायी कदम बताया।


