मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिवस पर सेवा संकल्प धारणी फाउंडेशन का अनूठा प्रयास ।
टनकपुर व चंपावत में रक्तदान शिविर, नशा मुक्ति और वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रम बने आकर्षण।

टनकपुर/चंपावत। संवाददाता।
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प धारणी फाउंडेशन ने जनपद चंपावत समेत पूरे प्रदेश में सेवा और जनजागरण के विशेष कार्यक्रमों का आयोजन कर मानवता की मिसाल पेश की।

फाउंडेशन के बैनर तले टनकपुर स्थित उप जिला चिकित्सालय और चंपावत जिला चिकित्सालय में भव्य रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर समाज को अमूल्य संदेश दिया कि “रक्तदान – महादान है”। बड़ी संख्या में युवाओं ने भविष्य में भी आवश्यकता पड़ने पर रक्तदान के लिए स्वयं को पंजीकृत किया।

केवल रक्तदान ही नहीं, बल्कि संस्था ने नशा मुक्ति जागरूकता अभियान, वृक्षारोपण, निर्धन छात्रों की शिक्षा सहायता और महिला सशक्तिकरण जैसे विविध सामाजिक सरोकारों को भी आगे बढ़ाया। इन कार्यक्रमों में युवाओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों की बड़ी भागीदारी रही।

संस्था की संरक्षिका श्रीमती गीता धामी ने कहा कि “सेवा संकल्प धारणी फाउंडेशन का ध्येय सदैव समाज सेवा और जनकल्याण रहा है। मुख्यमंत्री जी के जन्मदिवस पर पूरे प्रदेश में रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति जैसे अभियानों का संदेश यही है कि समाज तभी आगे बढ़ेगा जब सेवा का संकल्प सबका साझा लक्ष्य बने।”

आज जब समाज कई चुनौतियों से जूझ रहा है, ऐसे में सेवा संकल्प धारणी फाउंडेशन का यह योगदान प्रेरणादायी है। संस्था द्वारा की जा रही निरंतर पहलें – वृक्षारोपण, शिक्षा, महिला स्वरोजगार, स्वास्थ्य और जागरूकता – समाज के हर वर्ग को एक नई दिशा प्रदान कर रही हैं।
🌿 रक्तदान से जीवनदान, वृक्षारोपण से पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति से भविष्य निर्माण – यही है सेवा संकल्प धारणी फाउंडेशन की वास्तविक पहचान।


