टनकपुर में दर्दनाक हादसा – छज्जा गिरने से महिला की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
टनकपुर (चंपावत)।
नगर के अंबेडकर नगर क्षेत्र में सोमवार की शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। बाजार से लौट रही 45 वर्षीय महिला राधा पाल पत्नी स्व. राजेंद्र पाल की जान अचानक घर के पास गिरे मकान के छज्जे ने ले ली। इस हादसे से पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राधा पाल रोज की तरह सोमवार की शाम बाजार से घर लौट रही थीं। तभी अचानक एक मकान का छज्जा टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ा। तेज आवाज के साथ मलबे में दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने उन्हें उपचार के लिए उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को मृतका का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
इस दर्दनाक हादसे ने न सिर्फ मृतका के परिवार को गहरे शोक में डाल दिया, बल्कि पूरे मोहल्ले को भी स्तब्ध कर दिया है। लोग इसे कुदरत का बड़ा ही निर्मम वार मान रहे हैं।


