हल्द्वानी RTO में फैंसी नंबरों की बंपर बोली — UK04AR0001 पहुँचा ₹7.49 लाख तक
हल्द्वानी।
संभागीय परिवहन कार्यालय हल्द्वानी में गुरुवार के दिन फैंसी नंबरों की नीलामी संपन्न हुई । बोली ऐसी लगी कि लोग कार की कीमत भूलकर नंबर के पीछे दौड़ पड़े। जी हां! पंजीयन संख्या UK04AR0001 की बोली सीधी 7,49000 रुपए तक जा पहुंची। अब सवाल यह है कि अगर सिर्फ नंबर ही साढ़े सात लाख का है, तो उस कार की कीमत कितनी होगी? शायद करोड़ों की?
सबसे महंगे दाम पर पंजीकरण संख्या UK04AR0001 नीलाम हुआ, जो 7 लाख 49 हजार रुपए में खरीदा गया। वहीं, UK04AR0009 नंबर 5 लाख 07 हजार रुपए में नीलाम हुआ।
इसके अलावा, UK04AR0007 नंबर 3 लाख 31 हजार रुपए, UK04AR0003 नंबर 1 लाख 57 हजार रुपए और UK04AR0004 नंबर 91 हजार रुपए में बिके।
अन्य नंबरों में UK04AR0005 (56 हजार), UK04AR0008 (55 हजार) और UK04AR0006 (46 हजार) की बोली लगी।
अब सोचिए, जहां एक तरफ लोग गाड़ी खरीदते वक्त छूट की तलाश में रहते हैं, वहीं यहां लोग नंबर प्लेट पर ऐसे दिल हार बैठे जैसे यह कोई हीरे-जवाहरात हो।
आरटीओ अधिकारियों ने बताया कि नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रही और इससे विभाग को अच्छी आमदनी हुई है। वाहन मालिकों में खासकर “0001” और “0009” नंबरों को लेकर खासा क्रेज देखने को मिला।
हालांकि, कुछ लोगों ने इसे तंज कसते हुए हास्यास्पद भी बताया – “जहां एक साधारण इंसान पूरी जिंदगी 7 लाख की कार खरीदने के लिए पसीना बहाता है, वहीं कोई शौकीन सिर्फ नंबर पर ही उससे ज्यादा खर्च कर देता है। लगता है अब वक्त दूर नहीं जब लोग कार को शौक समझेंगे और नंबर को निवेश।”


