टनकपुर। आजादी का अमृत महोत्सव टनकपुर कोतवाली में देशभक्ति के उल्लास के साथ मनाया गया। तिरंगे की शान के सामने सीओ वंदना वर्मा, कोतवाल चेतन रावत और समस्त पुलिस बल ने गर्व से सलामी दी। राष्ट्रगान की गूंज और तिरंगे की लहराती शान ने माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए सीओ वंदना वर्मा ने युवाओं से नशे को जीवन से दूर रखने की भावुक अपील की। उन्होंने कहा— “आज के युवा ही कल के भारत के निर्माता हैं, और नशा उनके सुनहरे भविष्य का सबसे बड़ा दुश्मन है।” उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस एवं प्रशासन नशे की रोकथाम के लिए पूरी ताकत से काम कर रहा है — चाहे वह सघन चेकिंग हो, नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई हो या जागरूकता अभियान।
सीओ वंदना वर्मा ने कहा कि हर नागरिक को इस मुहिम में अपना योगदान देना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक स्वस्थ और सुरक्षित समाज मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और शांति बनाए रखने का संकल्प लिया, और तिरंगे की छांव में “वंदे मातरम्” की गूंज के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह सम्पन्न हुआ।


