टनकपुर। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व आज नगर के मुख्य मार्ग तिरंगे के रंगों में रंग गए, जब भारतीय जनता पार्टी टनकपुर मंडल द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में वरिष्ठ जन, भाजपा कार्यकर्ता बंधु एवं मातृशक्ति का जोश देखते ही बनता था। हाथों में लहराते तिरंगे और गगनभेदी देशभक्ति के नारों ने वातावरण को देशप्रेम से सराबोर कर दिया।

यात्रा में नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार ने भी प्रतिभाग कर जनसमूह का उत्साह और बढ़ाया। उन्होंने कहा कि तिरंगा सिर्फ एक ध्वज नहीं, बल्कि हमारी आज़ादी, एकता और त्याग का प्रतीक है, जिसे हर भारतीय को सम्मानपूर्वक फहराना चाहिए।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगे के सम्मान और एकता के संदेश के साथ नगरवासियों से स्वतंत्रता दिवस के पर्व को उत्साह एवं अनुशासन के साथ मनाने की अपील की।

पूरे नगर में यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से मानो स्वतंत्रता संग्राम का जुनून फिर से जीवंत हो उठा।

उल्लेखनीय है कि कल नगर पालिका के तत्वावधान में गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन होगा। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ध्वजारोहण, देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और शहीदों को नमन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें नगर के सभी नागरिकों को सम्मिलित होने का निमंत्रण है।



