ब्रेकिंग न्यूज़: टनकपुर में भारी बारिश के बीच दुकान में चोरी की कोशिश, CCTV में कैद हुआ संदिग्ध चेहरा l

टनकपुर (चंपावत)।
शहर के पीलीभीत चुंगी क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब भारी वर्षा के बीच देर रात एक अज्ञात चोर ने सड़क किनारे स्थित एक दुकान को निशाना बनाने की कोशिश की। चोर ने दुकान का ताला और बाहर लगा CCTV कैमरा तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन कैमरा सक्रिय था और पूरी वारदात उसी में रिकॉर्ड हो गई।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी दुकान के बाहर रखे काउंटर और आसपास के क्षेत्र में कुछ अपने मतलब की चीज तलाशता नजर आता है। इसी दौरान क्षेत्र में कुछ हलचल हुई, जिसके बाद वह मुंह छुपाकर तेज़ी से मौके से भाग निकलता है।
CCTV फुटेज में उसका चेहरा लगभग स्पष्ट रूप से दिख रहा है, जिससे यह माना जा रहा है कि यदि पुलिस गंभीरता और सक्रियता से जांच करे तो आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी संभव है।
हालांकि, सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि दुकानदार द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दी गई या नहीं — इस बारे में मीडिया को कोई स्पष्ट सूचना उपलब्ध नहीं है। अभी तक न तो कोई आधिकारिक शिकायत की पुष्टि हुई है और न ही पुलिस की ओर से कोई बयान सामने आया है।
स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता है। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में पुलिस गश्त और भी कमजोर हो जाती है, जिससे चोरों के हौसले बढ़ते हैं।


