टनकपुर (चंपावत):
जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने शुक्रवार देर रात को टनकपुर उप जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर मिली-जुली स्थिति देखने को मिली। जहां कुछ व्यवस्थाएं बेहतर मिलीं, वहीं कुछ कमियों ने भी ध्यान आकर्षित किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक घनश्याम तिवारी को सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा, अव्यवस्था या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने टनकपुर-पूर्णागिरि क्षेत्र के उप जिलाधिकारी आकाश जोशी से भी कहा कि वह समय-समय पर अस्पताल का निरीक्षण करते रहें, ताकि व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे।

इस निरीक्षण को लेकर चर्चा यह भी रही कि संभवतः चिकित्सालय प्रशासन को इस दौरे की पूर्व सूचना मिल गई थी, क्योंकि निरीक्षण के दौरान अस्पताल में असाधारण व्यवस्था और सफाई देखी गई। आम दिनों की तुलना में व्यवस्था बेहतर दिखी, जबकि आमतौर पर यहां लापरवाही और अव्यवस्था की शिकायतें मिलती रही हैं।

ट्रॉमा सेंटर को लेकर मिली बड़ी अपडेट
मौके पर मौजूद मीडिया प्रतिनिधियों द्वारा जब जिलाधिकारी से टनकपुर में ट्रॉमा सेंटर की आवश्यकता को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने सकारात्मक जवाब देते हुए कहा कि “स्थान चिन्हित कर लिया गया है और जल्द ही ट्रॉमा सेंटर पर कार्य शुरू कराया जाएगा।”

जिलाधिकारी मनीष कुमार के कार्यभार संभालने के बाद जिलेभर में उनकी सक्रियता और निरीक्षण की कार्यशैली को लेकर जनता व मीडिया में व्यापक सराहना हो रही है। लोग कह रहे हैं कि ऐसे सजग और सक्रिय अधिकारी ही व्यवस्थाओं में सुधार ला सकते हैं।
(रिपोर्ट – शुभम गौड़, टनकपुर)


