in , , , , , , , ,

आवासीय क्रीड़ा छात्रावास में प्रवेश का सुनहरा अवसर, 9-10 सितंबर को टनकपुर में जिला स्तरीय ट्रायल, चयनित खिलाड़ी 15-16 सितंबर को राज्य स्तरीय चयन में आजमाएंगे दम

चम्पावत जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए बड़ा मौका: फुटबॉल, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स समेत 7 खेलों के ट्रायल 9 और 10 सितंबर को, सफल खिलाड़ी पहुंचेंगे राज्य स्तरीय चयन तक

टनकपुर/चम्पावत। खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से खेल विभाग चम्पावत ने आवासीय क्रीड़ा छात्रावासों में प्रवेश के लिए चयन प्रक्रिया शुरू कर दी है। जनपद के प्रतिभाशाली बालक एवं बालिका खिलाड़ी आगामी 9 और 10 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय चयन ट्रायल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

टनकपुर स्थित स्वर्गीय श्री केशव महरोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाले इन ट्रायल में खिलाड़ियों का चयन विभिन्न खेलों के लिए किया जाएगा। विभागीय जानकारी के अनुसार ट्रायल दोनों दिन सुबह 9 बजे से शुरू होंगे।

इन खेलों में होगा चयन

जिला स्तरीय चयन ट्रायल के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन फुटबॉल, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, हॉकी बालिका, वॉलीबॉल बालक और क्रिकेट बालक वर्ग के लिए किया जाएगा।

जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी इसके बाद 15 एवं 16 सितंबर 2026 को होने वाले राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में भाग लेंगे। राज्य स्तरीय ट्रायल में विभिन्न खेलों के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। इनमें फुटबॉल के लिए पवेलियन ग्राउंड देहरादून, बॉक्सिंग के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम पिथौरागढ़, एथलेटिक्स के लिए मनोज़ सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम रुद्रपुर, बैडमिंटन के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम पौड़ी गढ़वाल, बालिका हॉकी के लिए वंदना कटारिया हॉकी स्टेडियम हरिद्वार, वॉलीबॉल के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर, चमोली तथा क्रिकेट के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम मुनि की रेती, टिहरी में चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।

ये खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा

खेल विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ी की आयु 1 जुलाई 2026 को 16 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। खिलाड़ियों को निर्धारित प्रारूप पर पासपोर्ट साइज फोटो लगाने के साथ ही आयु एवं कक्षा प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

साथ ही खिलाड़ी का उत्तराखंड का मूल निवासी होना आवश्यक है और इसका प्रमाण पत्र सक्षम अधिकारी से प्रमाणित कर चयन ट्रायल के दौरान प्रस्तुत करना होगा। ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को संबंधित खेल का मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र भी साथ लाना अनिवार्य किया गया है।

जिला क्रीड़ा कार्यालय चम्पावत ने अधिक से अधिक बालक-बालिका खिलाड़ियों से इस चयन प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत चयनित प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे राज्य स्तरीय ट्रायल में अवसर दिया जाएगा, जिससे जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता साबित करने का एक महत्वपूर्ण मंच मिल सकेगा।

Shubham Gaur

Written by Shubham Gaur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

खटीमा की बदलेगी तस्वीर! मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऑक्सीजन पार्क का किया लोकार्पण, स्टेडियम, सर्किट हाउस और वेंडिंग जोन समेत छह बड़ी घोषणाओं से विकास को दी नई रफ्तार

टनकपुर के विजन पब्लिक स्कूल में सजा प्रतिभा और रचनात्मकता का रंगारंग मंच, भारत विकास परिषद की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने शानदार वेशभूषा और अभिनय से जीता दिल