राजीव नवोदय विद्यालय लोहाघाट में हिंदी दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से एक विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य राम कुमार मिश्र ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदी दिवस केवल भाषा का पर्व नहीं है, बल्कि हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने और कानूनी व सामाजिक रूप से सशक्त बनने का भी अवसर देता है।
कार्यक्रम में लोहाघाट क्षेत्र की पैरालीगल वालंटियर्स – तारा सिंह, रेनू गढकोटी, बृजेश जोशी, कमल राम, हेमलता जोशी, आशा गहतोड़ी, विनोद, सावित्री राय, मुन्नी बोहरा, निर्मला, गीता, मंजू, शीला तड़ागी, सीमा फर्त्याल, प्रियंका वर्मा और राजेंद्र पुनेठा ने सक्रिय भूमिका निभाई।

इन सभी ने बच्चों को हिंदी दिवस के महत्व के साथ-साथ महिला सुरक्षा, पोक्सो एक्ट, साइबर क्राइम, बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार और विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस मौके पर विद्यालय परिसर से एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। छात्र-छात्राओं ने कानून के प्रति जागरूकता और हिंदी भाषा के सम्मान को लेकर नारे लगाए और समाज को हिंदी भाषा के महत्व व कानूनी समझ का संदेश दिया।

विद्यालय परिवार के शिक्षकों और सहयोगियों में विपिन कॉलोनी, महेंद्र सिंह, मुन्नी ओली और पूजा मेहरा सहित कई अन्य सदस्यों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सराहनीय योगदान दिया।
आज का यह कार्यक्रम विद्यालय, छात्र-छात्राओं और सभी सहयोगियों की मेहनत और समर्पण का प्रतीक बनकर यादगार बन गया।
वाकई, हिंदी भाषा और विधिक जागरूकता का यह संगम आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगा।


