in , , , , , , , , ,

बनबसा: नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के प्रयास का मामला आया सामने, नाबालिग की मां ने दी तहरीर, दर्ज हुआ मुकदमा

बनबसा में 11 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म की कोशिश, लोगों में आक्रोश

चम्पावत जिले के बनबसा क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के प्रयास के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है और लोग पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 5 नई बस्ती निवासी एक महिला ने गुरुवार (2 अप्रैल) को बनबसा थानाध्यक्ष को दी तहरीर में बताया कि 1 अप्रैल 2026 को उनकी 11 वर्षीय पुत्री के साथ एक व्यक्ति ने दुष्कर्म का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपी मन्नू नायक पुत्र मज़र अहमद ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने पास बुलाने की कोशिश की और मना करने पर उसे जबरन एक दुकान में ले जाकर शटर बंद कर दिया।

बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक बड़ी घटना टल गई।

पीड़िता पक्ष का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद जब वे 1 अप्रैल को शिकायत लेकर थाने पहुंचे, तो पुलिस ने तहरीर दर्ज करने के बजाय उन्हें समझाकर वापस भेज दिया। इसको लेकर स्थानीय संगठनों में नाराजगी है। बजरंग दल के जिला संयोजक समेत कार्यकर्ताओं ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज होनी चाहिए थी।

कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि थाने में मौजूद महिला पुलिस कर्मियों ने कार्रवाई करने के बजाय पीड़ित पक्ष को वापस भेज दिया, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ गया। घटना के बाद आरोपी के क्षेत्र छोड़कर फरार होने की भी बात सामने आई थी।

मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता तथा स्थानीय लोग थाने पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही, यह सवाल भी उठाया गया कि आरोपी का पुलिस सत्यापन नहीं किया गया था, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लग गया है।

वहीं, बनबसा थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि नाबालिग की मां की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Shubham Gaur

Written by Shubham Gaur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

गदरपुर विधायक अरविंद पांडे आज करेंगे मां पूर्णागिरि के दर्शन

🔥 जंगल में लगी आग पर समय रहते पाया काबू — टनकपुर फायर टीम की बड़ी सफलता 🔥