टनकपुर/बनबसा।
लगातार दो दिन से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। टनकपुर और बनबसा के बीच स्थित कमलपथ क्षेत्र के आसपास करीब 4 से 6 भारी-भरकम पेड़ गिरने से बिजली व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई। पेड़ों के तारों पर गिरने और पोल टूटने से बिजली सप्लाई ठप हो गई है।

कठिन हालात के बावजूद बिजली विभाग की टीम मौके पर डटी हुई है। तेज बारिश और फिसलन भरी जमीन के बीच एसडीओ के नेतृत्व में विभागीय कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं।
स्थानीय लोगों ने कहा कि जिस प्रकार विभाग के कर्मचारी लगातार बारिश की परवाह किए बिना काम कर रहे हैं, वह सराहनीय है। लोगों ने एसडीओ सहित समस्त कर्मचारियों की हौसला-अफजाई करते हुए कहा कि विभाग का यह समर्पण ही जल्द ही बिजली व्यवस्था को सामान्य करेगा।

एसडीओ बिजली विभाग ने बताया कि लगातार बारिश और पेड़ों के गिरने के कारण कार्य में कुछ समय लग रहा है, लेकिन टीम युद्धस्तर पर काम कर रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि धैर्य बनाए रखें, जल्द ही बिजली व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।
बिजली विभाग की ओर से बताया गया है कि पेड़ों की संख्या अधिक होने और तारों के पूरी तरह टूट जाने के कारण बहाली में थोड़ा समय लगेगा, लेकिन टीम लगातार काम कर रही है और जल्द ही व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।

